नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई और यह शुक्रवार की तुलना में लगभग डेढ़ डिग्री अधिक 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हालांकि यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है। शनिवार को यहां का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में शुक्रवार को शीतलहर चली और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम, चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भी शीतलहर चलने का अनुमान है। जब मैदानी भाग में न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक गिर जाता है तो विभाग शीतलहर की घोषणा करता है। जब मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे चला जाता है तो वह भयंकर शीतलहर की स्थिति होती है। मंगलवार और गुरुवार को मैदानी क्षेत्र में सर्द एवं शुष्क उत्तरी-पश्चिमी हवा चलने के कारण न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.1 और 3.8 डिग्री रहा था। नववर्ष के पहले दिन यहां का न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो बीते 15 वर्ष में सबसे कम था।

कोहरे के कारण दिल्ली-एनसीआर में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से कम रह गई। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे की वजह से कम से कम दस ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलीं। वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूवार्नुमान एवं अनुसंधान प्रणाली (एसएएफएआर) के अनुसार राजधानी में समग्र वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ है और यह 'बहुत खराब' श्रेणी के निचले स्तर पर आ गई है। सतही हवाओं की गति तेज है और दिशा दक्षिण-पूर्व की ओर है। अगले 24 घंटों तक तेज हवाएं चलने की संभावना है। बेहतर वायु संचार सूचकांक के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक में बहुत सुधार होने की संभावना है। इसके एक और दो फरवरी को मामूली रूप से बिगड़ने की आशंका है, लेकिन यह 'बहुत खराब' श्रेणी तक ही रहेगा। 

Source : Agency